डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के मार्गदर्शन में जिला आयुष विभाग डिंडौरी द्वारा परिक्रमा वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नर्मदा डैम घाट पर निःशुल्क आयुष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर 16 जनवरी 2026 से निरंतर संचालित है, जिसमें डॉक्टरों की टीम नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रही है।
रविवार 18 जनवरी 2026 को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया स्वयं नर्मदा डैम घाट पहुंचीं और स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिक्रमा वासियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना, समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि परिक्रमा वासियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है, ताकि किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में परिक्रमा वासी शिविर में निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां प्राप्त कर सकें।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. संतोष परस्ते ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में 16 जनवरी 2026 से स्वास्थ्य टीम प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक शिविर में उपस्थित रहकर परिक्रमा वासियों का उपचार कर रही है। शिविर में डॉक्टर रंजीत धुर्वे, डॉक्टर आशीष संयम सहित शोभा दुबे, शीला पेंद्रो, भागी सिंह धुर्वे, हरिश्चंद्र मरावी, भुवनेश्वरी एवं अन्य कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नर्मदा नदी के घाटों का अवलोकन कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी डिंडोरी को नियमित साफ-सफाई, बड़े डस्टबिन लगाने तथा सभी घाटों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन एवं पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने एसडीएम डिंडोरी एवं थाना प्रभारी डिंडोरी को निर्देशित किया कि भंडारा एवं डीजे की व्यवस्था केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए तथा नर्मदा घाट पर किसी भी प्रकार का भंडारा आयोजित न किया जाए। इसके साथ ही बाजार, बस स्टैंड एवं निर्माणाधीन डिवाइडर पर झंडे, बैनर अथवा फुटपाथ दुकानों को न लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। नगर पालिका को यह भी निर्देश दिए गए कि बैनर एवं फ्लेक्स केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं।
नर्मदा डैम घाट समिति के सदस्यों द्वारा रखी गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को सड़क मरम्मत, मंदिर की पुताई एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डिंडौरी भारती मरावी, तहसीलदार रामरतन मार्को, जनसंपर्क अधिकारी, थाना प्रभारी दुर्गादास, सीएमओ सुरेंद्र शुक्ला, मंदिर के पुजारी एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
