मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे के किनारे खेतों में टाइगर के पगमार्क मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। खेतों में साफ दिखाई दे रहे पगमार्क इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि जंगली बाघ रिहायशी और यातायात वाले क्षेत्र के बेहद करीब पहुंच चुका है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों में भी दहशत का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक 14 जनवरी को बरगांव कल्याण केंद्र से जबलपुर की ओर जाते समय एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने नेशनल हाईवे के पास टाइगर को सड़क के आसपास घूमते हुए देखा था। इसके बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। वहीं अगले ही दिन बांकी और कंचनपुर गांव में भी ग्रामीणों ने टाइगर के दिखने की जानकारी दी, जिससे चिंता और बढ़ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में मिले पगमार्क टाइगर के ही प्रतीत हो रहे हैं और आशंका है कि वह अभी भी आसपास ही विचरण कर रहा है। स्थिति यह है कि किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं और शाम ढलते ही गांवों में सन्नाटा पसरने लगा है।
हालांकि वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग और निगरानी की जा रही है, लेकिन अब तक टाइगर की मौजूदगी को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इससे ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जाएं तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।




