Dindori News : श्रद्धा और जयघोष के बीच ग्राम सिमरिया में गूंज रही श्री राम कथा, राम जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्तों का सैलाब….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के ग्राम सिमरिया में 16 जनवरी से प्रतिदिन अपरान्ह 1:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित हो रहा नव दिवसीय श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में अयोध्या धाम से पधारीं विख्यात श्री राम कथा वाचिका सुश्री सुनैना कृष्णा देवी जी के पावन मुखारविंद से श्री राम कथा का अमृतमय वाचन किया जा रहा है।

कथा के तृतीय दिवस में भगवान श्री रामचंद्र जी के अवतार के विभिन्न कारणों का भावपूर्ण एवं शास्त्रीय विवेचन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान नारद मोह की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए मानव जीवन में मोह, माया और भक्ति के महत्व को सरल एवं प्रभावी उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। कथा क्रम में भगवान श्री राम जी के जन्म प्रसंग का अत्यंत मनोहारी वर्णन किया गया, जिसके उपलक्ष्य में श्री राम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ मनाया गया। संपूर्ण कथा स्थल “जय श्री राम” के उद्घोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

इस धार्मिक आयोजन में ग्राम सिमरिया सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन सहभागिता कर रहे हैं। महिला, पुरुष, वृद्ध एवं युवा सभी वर्गों के भक्तगण कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। कथा स्थल पर अनुशासन, भक्ति और शांति का वातावरण देखते ही बनता है।

कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती गोमती बाई ठाकुर, पति स्वर्गीय राम किशोर ठाकुर, और उनके पुत्र अशोक कुमार ठाकुर एवं श्रीमती सरोज ठाकुर द्वारा समस्त श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर राम कथा ज्ञान यज्ञ में सहभागी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है। नव दिवसीय यह आयोजन ग्राम सिमरिया सहित पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *