MP Jail Transfer News 2026 : जेल विभाग में बड़ा फेरबदल ! 183 प्रहरी व मुख्य प्रहरियों के तबादले, कई जिलों की जेलों में बदली जिम्मेदारियां….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

जेल विभाग ने जारी किया आदेश, स्वैच्छिक आधार पर हुए स्थानांतरण; डिंडौरी के कर्मचारियों का भी तबादला

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के जेल विभाग ने प्रदेश की जेल व्यवस्थाओं में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 183 जेल कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। जेल विभाग मंत्रालय भोपाल से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश की विभिन्न केन्द्रीय जेलों, जिला जेलों, सर्किल जेलों और सब जेलों में पदस्थ प्रहरी, मुख्य प्रहरी एवं प्रमुख मुख्य प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना दी गई है।

जेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण स्वैच्छिक आधार पर किए गए हैं। शासन ने आदेश में निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित कर्मचारी तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। जारी तबादला सूची में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सतना, रीवा, सागर, उज्जैन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर सहित प्रदेश के कई जिलों की जेलों में पदस्थ कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

इस व्यापक फेरबदल में प्रमुख मुख्य प्रहरी, मुख्य प्रहरी और प्रहरी स्तर के कर्मचारियों को शामिल किया गया है। कई कर्मचारियों को केन्द्रीय जेलों से जिला जेलों में, जिला जेलों से केन्द्रीय जेलों और सब जेलों में नई पदस्थापना दी गई है।

 

डिंडौरी जिले से भी कई कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। जिला जेल डिंडौरी में पदस्थ श्रीमती राजेश्वरी गौड़ को केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर भेजा गया है। वहीं श्रीमती चेनवती धुर्वे को जिला जेल डिंडौरी से केन्द्रीय जेल जबलपुर पदस्थ किया गया है। ओमप्रकाश लबाना को जिला जेल डिंडौरी से सर्किल जेल रतलाम स्थानांतरित किया गया है।

 

जेल विभाग के इस आदेश के बाद प्रदेश की अलग-अलग जेलों में कर्मचारियों की नई तैनाती होगी। विभाग द्वारा यह बदलाव जेल प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने और कर्मचारियों की स्वैच्छिक स्थानांतरण मांगों के आधार पर किया गया है।

 

जारी आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं मध्यप्रदेश भोपाल सहित प्रदेश की सभी केन्द्रीय जेलों, जिला जेलों, सर्किल जेलों एवं सब जेलों के अधीक्षकों को भेजी गई है। मध्यप्रदेश जेल विभाग की यह तबादला सूची वर्ष 2026 के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखी जा रही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *