— प्रभारी मंत्री की स्वीकृति के बाद जारी हुआ आदेश, 26 ग्राम रोजगार सहायकों को मिली नई तैनाती
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में मनरेगा कार्यों के सुचारू संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीधी ने ग्राम रोजगार सहायकों का व्यापक स्थानांतरण आदेश जारी किया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न जनपद पंचायत क्षेत्रों में पदस्थ 26 ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) को नई ग्राम पंचायतों में पदस्थ किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण नीति-2026 तथा मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है। स्थानांतरण सूची में मझौली, कुसमी, सिहावल, सीधी एवं रामपुर नैकिन जनपद पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों को शामिल किया गया है।
आदेश के तहत कई ग्राम रोजगार सहायकों का आपसी स्थान परिवर्तन किया गया है, जबकि कुछ कर्मचारियों को नई पंचायतों में पदस्थ कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें नितेश पाण्डेय, आशीष द्विवेदी, सुधीर सिंह, प्रदीप कुमार गुप्ता, राजराखन गुप्ता, रजनीश द्विवेदी, दिलीप सौंधिया, राजबहोर साहू, राजकुमार मिश्रा, रामचरण साकेत सहित अन्य ग्राम रोजगार सहायकों के नाम शामिल हैं।
जिला पंचायत द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित ग्राम रोजगार सहायकों का वर्तमान ग्राम पंचायत के साथ किया गया अनुबंध स्वतः समाप्त माना जाएगा। सभी संबंधित कर्मचारियों को आदेश जारी होने की तिथि से सात दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा और शेष वित्तीय वर्ष के लिए नया अनुबंध निष्पादित करना होगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, सरपंचों एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित कर्मचारियों का विधिवत प्रभार दिलाकर नई ग्राम पंचायतों में कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। देखें आदेश…


