— मध्यप्रदेश शासन ने जारी किए आदेश, कई वनमंडलों और सामाजिक वानिकी इकाइयों में बदली तैनाती
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए 16 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक आधार पर किए गए इस फेरबदल के तहत विभिन्न वनमंडलों और सामाजिक वानिकी वृत्तों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार सिवनी (उत्पादन) वनमंडल के वनमंडलाधिकारी श्रेयस श्रीवास्तव को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय, भोपाल में उप वन संरक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं शिवपुरी, उत्तर पन्ना, दक्षिण सिवनी, बैतूल, खंडवा, सागर, रीवा, नरसिंहपुर, गुना, विदिशा, अनूपपुर, शहडोल, पन्ना, सिंगरौली और पश्चिम बैतूल में पदस्थ उप वनमंडल अधिकारियों को विभिन्न वनमंडलों और सामाजिक वानिकी वृत्तों में वनमंडलाधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला सूची में ए. प्रांजल रेड्डी को देवास (उत्पादन) वनमंडल, अंशुल तिवारी को रायसेन (उत्पादन) वनमंडल, गुरलीन कौर को छिंदवाड़ा (उत्पादन) वनमंडल तथा समीर रंजन मिश्रा को दक्षिण बालाघाट (उत्पादन) वनमंडल का वनमंडलाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा कुछ अधिकारियों को सामाजिक वानिकी एवं राज्य वन विकास निगम में भी पदस्थ किया गया है। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी वन प्रबंधन, संरक्षण गतिविधियों तथा विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देखें पूरी लिस्ट…

