मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सहायक संचालक, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य स्तर के कुल 21 अधिकारियों का तबादला किया गया है।
जारी आदेश में कई जिलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निवाड़ी, रीवा, सीहोर, गुना, शिवपुरी, टीकमगढ़, झाबुआ, रतलाम, खंडवा और राजगढ़ सहित विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों को श्योपुर, शहडोल, शाजापुर, हरदा, उज्जैन, भोपाल, अलीराजपुर, खरगोन, धार, बड़वानी एवं बुरहानपुर सहित अन्य जिलों में पदस्थ किया गया है।
आदेश के तहत कुछ अधिकारियों को राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल में भी पदस्थ किया गया है। वहीं जिला परियोजना समन्वयक पद पर कार्यरत कुछ अधिकारियों को विद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा अधिकारी आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्य करेंगे। इसके साथ ही पूर्व में जारी एक आदेश में संशोधन करते हुए एक अधिकारी की पदस्थापना निरस्त कर उन्हें लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल में पदस्थ किया गया है।
विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभागीय कार्यों में गति आएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

