मध्यप्रदेश के छतरपुर जिला मुख्यालय के मंडी परिसर में खाद वितरण के दौरान एक छात्रा को थप्पड़ मारने की घटना सामने आते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने नायब तहसीलदार सौंरा मंडल,श्रीमती ऋतु सिंघई को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि शासकीय सेवा में कार्यरत अधिकारी—कर्मचारियों से गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है, जबकि छात्रा के साथ मारपीट का कृत्य न केवल अनुचित है, बल्कि म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का भी उल्लंघन है। कलेक्टर ने अधिकारियों के कर्तव्य निर्वहन में इस व्यवहार को लापरवाही और असंवेदनशीलता बताया।
कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को निर्देश दिए हैं कि वे आज ही अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही क्यों न की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।




