मध्यप्रदेश के सीधी जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा नायब तहसीलदार, प्रभारी नायब तहसीलदार तथा सहायक अधीक्षक स्तर के अधिकारियों के बीच बड़ा फेरबदल किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, वेदवती सिंह को कलेक्टर कार्यालय सीधी में सीएम हेल्पलाइन शाखा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं धनकुवर टोप्पो को इसी शाखा में सहायक नोडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार अमित कुमार दुबे को तहसील गोपदबनास के गिर्द-द्वितीय वृत्त में पदस्थ किया गया है। परमसुख बंसल को रामपुर नैकिन तहसील के रामपुर वृत्त, जबकि महेन्द्र कुमार द्विवेदी को कुसमी तहसील के पोड़ी वृत्त में नई जिम्मेदारी दी गई है।
जयप्रकाश पाण्डेय को सिहावल तहसील का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया है। इसके अतिरिक्त कई अन्य अधिकारियों को गिजवार, कुबरी, भुइमाड़, जोवा एवं चुरहट सहित विभिन्न तहसीलों में पदस्थ किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होकर कार्यभार संभालें। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल जिले में कार्यप्रणाली को अधिक गतिशील एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देखें आदेश…





