डिंडौरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रागढ़ गांव में एक महिला के साथ रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रागढ़ निवासी 30 वर्षीय महिला ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने पति ओमप्रकाश के साथ मोटरसाइकिल से बरसिंघा जा रही थी। मोटरसाइकिल उसके पति चला रहे थे और बीच में महेश उइके बैठा हुआ था।
महिला के अनुसार, गांव के हॉस्टल के पास खजरी की ओर से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ललित कुमार सैयाम निवासी बिलगांव ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में महिला को चोटें आई हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 296 (बी), 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




