— मेहंदवानी, कठोतिया और किसलपुरी क्षेत्र में निरीक्षण, कई दुकानों को कारण बताओ नोटिस, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई
डिंडौरी। जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औषधि प्रशासन विभाग ने 27 जुलाई 2026 को मेहंदवानी, कठोतिया एवं किसलपुरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कई दवा दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
निरीक्षण के दौरान राजा मेडिकल स्टोर्स, कुशल मेडिकल स्टोर्स, मनमोहन मेडिकल स्टोर्स, अब्दुल मेडिकल स्टोर्स, शिव शक्ति मेडिकल स्टोर्स सहित अन्य दवा दुकानों का परीक्षण किया गया। जांच में कुछ मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाएं सामान्य स्टॉक के साथ रखी हुई मिलीं। इसके अलावा आवश्यक अभिलेखों का सही तरीके से संधारण नहीं किया गया था तथा कई स्थानों पर लाइसेंस की शर्तों के विपरीत फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए।
औषधि प्रशासन की टीम ने संबंधित संचालकों को नियमानुसार मेडिकल स्टोर्स संचालित करने तथा सभी आवश्यक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति को गंभीर मानते हुए उसे तत्काल प्रभाव से तब तक बंद करा दिया गया, जब तक वहां नियमानुसार फार्मासिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो जाती।
विभाग ने संबंधित मेडिकल स्टोर्स के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। औषधि प्रशासन ने बताया कि जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।




