— शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता पर तहसीलदार की कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लिया गया फैसला
डिंडौरी। जिले के बजाग तहसील क्षेत्र में शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले एक कोटवार पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। तहसीलदार बजाग ने ग्राम सुनियामार, राजस्व निरीक्षक मंडल गाड़ासरई के कोटवार मुकेश कुमार आर्मो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के भ्रमण के दौरान संबंधित कोटवार द्वारा सौंपे गए शासकीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया गया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उसी दिन कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, निर्धारित समय में प्रस्तुत किए गए स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद तहसीलदार ने मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारी के आचरण को शासकीय कार्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता माना।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 2020 के प्रावधानों के तहत यह कृत्य गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर संबंधित कोटवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




