डिंडौरी। जिला जेल डिंडौरी में गुरुवार को नवीन बैरक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जेल परिसर में बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा वर्ष 2025 में इस नवीन बैरक भवन की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसका निर्माण कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा जनवरी 2026 में लगभग 99.03 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कराया गया।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह दो मंजिला बैरक भवन 40 बिस्तरों की क्षमता वाला है, जिसमें नीचे 20 एवं ऊपर 20 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। भवन में कैदियों के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं बेहतर वेंटिलेशन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे जेल परिसर की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
इस नवीन बैरक भवन का शुभारंभ जिला जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहे वरिष्ठ कैदी मान सिंह मरावी, निवासी गाड़ासरई द्वारा फीता काटकर किया गया। लोकार्पण से पूर्व गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा गायत्री एक कुंडी यज्ञ एवं विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
जेल अधीक्षक लव सिंह काटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नए बैरक भवन के निर्माण से न केवल कैदियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, बल्कि जेल स्टाफ को भी कार्य संचालन में सहूलियत प्राप्त होगी और समग्र व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी। कार्यक्रम में एसडीओपी सतीश द्विवेदी, नशा मुक्ति केंद्र से श्रीमती ऋतु जैन, पीडब्ल्यूडी से राजेश विश्वकर्मा, गायत्री परिवार के गोपाल प्रसाद चौकसे सहित अनेक गणमान्यजन, जेल स्टाफ एवं कैदी उपस्थित रहे।




