— अनुमति बन रही बहुमंजिला इमारतों पर सख्ती, सीएमओ ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
डिंडौरी। शहर में बिना अनुमति के बन रही 4 से 5 मंजिला इमारतों को लेकर प्रकाशित समाचार को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों को दरकिनार कर किए जा रहे निर्माण कार्यों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में सीएमओ अमित तिवारी ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में राजस्व वसूली की प्रगति को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने लंबित राजस्व की समीक्षा करते हुए वसूली प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बकायेदारों से समय पर राजस्व जमा कराना सुनिश्चित किया जाए।
सीएमओ ने विशेष रूप से शहर के बड़े बकायेदारों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में संचालित दुकानों, होटल, बारातघर, विद्यालय और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों से तत्काल राजस्व वसूली की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में राजस्व जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मार्च माह के भीतर सभी लंबित राजस्व वसूली हर हाल में पूरी की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर बकायेदारों को नोटिस जारी करने और विशेष अभियान चलाकर वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि अवैध निर्माण और राजस्व बकाया दोनों ही मामलों में सख्ती बरती जाएगी, ताकि शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।




