Dindori News : विकास कार्यों में ढिलाई नहीं चलेगी: कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

 

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: लंबित शिकायतें जल्द निपटाएं, योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं…

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त सीईओ पंकज जैन, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, प्रियांशी जैन, अक्षय डिगरसे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने मनरेगा के तहत निर्माणाधीन शौचालय, सड़क एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और निरीक्षण के निर्देश भी दिए।

 

बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 20 अप्रैल को करंजिया-बजाग, 28 अप्रैल को डिंडौरी, 7 मई को शहपुरा तथा 14 मई को अमरपुर-समनापुर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने को कहा गया।

 

कलेक्टर ने आरटीओ विभाग को बिना परमिट, रोड टैक्स और फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित हो रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं पीएचई विभाग को 31 मार्च तक नल-जल योजना के सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या उत्पन्न न हो।

 

उन्होंने बताया कि जिले में 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत जल संरक्षण और जल संचय के कार्यक्रम सभी विकासखंडों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

 

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि विकासखंड स्तर पर आयोजित दिव्यांगजन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों के आधार कार्ड, समग्र आईडी, ई-केवाईसी और दिव्यांग प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी कराई जाए ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर बच्चों का परीक्षण और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के नदी-नालों और स्टॉप डेम पर लगाए गए गेट की निगरानी की बात कही। कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं स्टॉप डेम का गेट खुला मिले तो इसकी सूचना दें, ऐसी जानकारी देने वाले को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

 

बैठक में उज्ज्वला योजना, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूलों में स्वच्छता, नगरीय निर्माण कार्यों तथा राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलदारों और एसडीएम को बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम और राजस्व वसूली के लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *