— अवैध अफीम की खेती पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 7890 किलो फसल जब्त
जनधारा डेस्क । प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती पर सख्त प्रहार किया है। विगत एक सप्ताह के दौरान छतरपुर, टीकमगढ़ और दमोह जिलों में की गई कार्रवाई में कुल लगभग 7890 किलोग्राम अवैध अफीम की फसल जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में लगभग 1140 किलोग्राम अफीम (करीब 70 लाख रुपये), टीकमगढ़ जिले के दिगोड़ा थाना क्षेत्र में करीब 419 किलोग्राम अफीम (45 लाख रुपये से अधिक) तथा दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में लगभग 6331 किलोग्राम अफीम (करीब 1.89 करोड़ रुपये) की अवैध फसल बरामद की गई।
पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए खेतों में लगी अफीम की फसल को जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, संग्रहण, परिवहन और तस्करी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सोर्स:—मध्यप्रदेश पुलिस / पुलिस मुख्यालय भोपाल।
