भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। आदेश के तहत विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रेक्षक के रूप में नियुक्त आईएएस अधिकारियों के मुख्यालय से बाहर रहने की अवधि में उनके विभागों का अतिरिक्त प्रभार अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा गया है।
मंत्रालय वल्लभ भवन, भोपाल से 23 मार्च 2026 को जारी इस आदेश में कहा गया है कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल एवं पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार, कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुख सचिव, अपर मुख्य सचिव, सचिव और आयुक्त स्तर के अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से मनीष सिंह के प्रभार का दायित्व पी. नरहरि को सौंपा गया है, जबकि स्वतंत्र कुमार सिंह के स्थान पर जॉन किंग्सली ए. आर. को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में श्रीमन शुक्ला के विभागों का प्रभार संजय कुमार शुक्ल को सौंपा गया है। वहीं नगरीय विकास, उच्च शिक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, पर्यटन, खनिज, कृषि, कौशल विकास सहित कई विभागों में भी अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी अधिकारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार का निर्वहन करेंगे। इससे प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ववत जारी रहे।
यह आदेश राज्यपाल के नाम से अनुराग जैन द्वारा जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेज दी गई है, ताकि तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासनिक जानकारों के अनुसार, चुनाव अवधि में अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण शासन-प्रशासन प्रभावित न हो, इसके लिए इस प्रकार की व्यवस्थाएं नियमित रूप से की जाती हैं। देखें पूरी लिस्ट….




