Dindori News : टोला में पानी का संकट, जनसुनवाई में गूंजा मुद्दा—एक साल से बंद पड़ी जल योजना अब होगी दुरुस्त…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जिले समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चांदरानी के बैगा टोला में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या आखिरकार जनसुनवाई में उठाई गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि जल प्रदाय योजना के तहत शुरुआत में करीब 3 माह के ट्रायल के बाद लगभग एक वर्ष तक नियमित रूप से पानी की आपूर्ति होती रही, लेकिन मोटर पंप में तकनीकी खराबी आने के कारण योजना लंबे समय से बंद पड़ी है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पहले ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को अवगत कराया गया था। वहीं विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मोटर पंप को निकलवाकर सुधार के लिए भेजा और आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया, लेकिन ग्राम पंचायत स्तर पर मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। साथ ही जल कर की राशि जमा नहीं होने के कारण भी काम में देरी होती रही।

जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि 24 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत सचिव के आवेदन पर विभाग द्वारा कार्य की स्वीकृति भी दे दी गई है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *