डिंडौरी। जिले में दवा विक्रेताओं पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए औषधि निरीक्षक द्वारा अमरपुर एवं समनापुर क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान बालाजी मेडिकल स्टोर्स, महफूज मेडिकल स्टोर्स, राधा मेडिकल स्टोर्स, राय मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स और सत्येंद्र मेडिकल स्टोर्स सहित कई दुकानों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। कुछ मेडिकल स्टोर्स मौके पर बंद पाए गए, जबकि कई जगहों पर बिना फार्मासिस्ट की उपस्थिति के दवाइयों का विक्रय किया जा रहा था। इसके अलावा बिल बुक का सही तरीके से संधारण नहीं होना और एक्सपायरी दवाओं का अन्य दवाओं के साथ रखा जाना जैसी गंभीर लापरवाहियां भी पाई गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक ने संबंधित दुकानों को फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित होने तक अस्थायी रूप से बंद करा दिया है। साथ ही संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि दवा विक्रय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी हैं।
