डिंडौरी। जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही और देरी पर प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने समनापुर विकासखंड के विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि कई ग्रामों में विद्युत एस्टीमेट समय पर प्राप्त न होने के कारण जल जीवन मिशन के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, योजना हस्तांतरण से पहले ट्रायल रन अवधि तक ठेकेदारों को अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए, जिसका भुगतान संबंधित संविदाकार द्वारा किया जाएगा। बाद में ग्राम पंचायत के नाम से स्थायी मीटर स्थापित कर बिल का भुगतान पंचायत द्वारा किया जाएगा।
कलेक्टर ने डिंडोरी विकासखंड के ग्राम घुसिया मॉल में नल-जल योजना का कार्य शीघ्र पूरा कराने और निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। वहीं समनापुर के ग्राम कुकर्रामठ सहित अन्य ग्रामों में पाइपलाइन लीकेज और बार-बार क्षतिग्रस्त हो रहे कार्यों को लेकर नाराजगी जताई गई। संबंधित संविदाकार जीशान अंसारी को कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए। बजाग विकासखंड के ग्राम सिंहपुर में भी पाइपलाइन लीकेज और क्षतिग्रस्त कार्यों को जल्द सुधार कर योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा करंजिया विकासखंड में नल-जल योजनाओं के लिए कंबिनेशन नलकूप खनन मशीन की मांग पर कलेक्टर ने प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पत्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिव नल-जल योजना पूर्ण होने के बाद भी हस्तांतरण में रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्हें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा।
ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट को देखते हुए जिले में नए नलकूप खनन के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। आवश्यकतानुसार नलकूप खनन समिति द्वारा अनुमोदन देकर पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान और गतिशक्ति पोर्टल की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
