डिंडौरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अंजू पवन भदौरिया (IAS) ने जिले के सभी नागरिकों, अभिभावकों और चिकित्सकों से अपील की है कि वे कोल्ड्रिफ (Coldrif) और नेक्स्ट्रो-डीएस (Nextro-DS) कफ सिरप का उपयोग या वितरण न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं इन दवाओं की बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक या व्यक्ति के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। राज्य शासन के निर्देशानुसार डिंडौरी जिले में इन कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद, जिला प्रशासन ने भी नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी की है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि कहीं भी इन प्रतिबंधित या संदिग्ध दवाओं की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय डिंडौरी या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत दें। इसके साथ ही लोगों से इन दवाओं का सेवन न करने की अपील भी की गई है।




