भोपाल। देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर के स्कूलों में 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान मनाया जा रहा है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अभियान को तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 2 से 8 अगस्त तक संपन्न हो चुका है, जबकि दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक चलेगा। तीसरा और अंतिम चरण 13 से 15 अगस्त तक होगा।
निर्देशों के अनुसार, जिलों में स्कूल प्राचार्य और शिक्षक तिरंगे के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे। बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और इतिहास की जानकारी दी जाएगी। एनसीसी और एनएसएस यूनिट के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में तिरंगा केंद्रित रंगोली प्रतियोगिता, व्याख्यान कार्यक्रम और रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, विद्यार्थियों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।


