मध्यप्रदेश के मंडला जिले में अतिवृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को राहत राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवास स्थित समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभावित किसानों के खातों में राशि अंतरित की।
स्थानीय एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती उइके और सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति में 12 किसानों को कुल 53 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नारायणगंज के ग्राम हर्राटीकुर के किसानों चंदरसिंह एवं गुरूचरण से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर संकट में किसानों के साथ खड़ी है तथा उन्हें किसी भी प्रकार की तकलीफ नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि समय पर मिली इस आर्थिक सहायता से किसानों को बड़ा संबल मिलेगा और वे नयी उम्मीद के साथ अपनी खेती-किसानी आगे बढ़ा सकेंगे। राहत राशि प्राप्त करने वाले किसानों ने मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम घुघरी हुनेन्द्र घोरमारे सहित अन्य राजस्व और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




