Engineering Transfer : मध्यप्रदेश पंचायत विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 37 इंजीनियरों के तबादले, डिंडौरी समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी से कशिश नायक का जबलपुर परिक्षेत्र में स्थानांतरण, राज्यभर में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

 

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (ग्रायांसे) के प्रभारी कार्यपालन यंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों के व्यापक तबादले किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेशभर के 37 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर भेजा गया है।

जारी आदेश के तहत विभिन्न संभागों, उपसंभागों और जनपद पंचायतों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्थानांतरण सूची में सीहोर, रायसेन, इंदौर, धार, रतलाम, मुरैना, श्योपुर, सागर, छतरपुर, पन्ना, हरदा, देवास, शिवपुरी, नीमच, रीवा, उमरिया, अलीराजपुर, बड़वानी सहित अनेक जिलों के अधिकारी शामिल हैं।

डिण्डौरी जिले के लिए महत्वपूर्ण बदलाव के तहत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग डिण्डौरी में पदस्थ श्री कशिश नायक का स्थानांतरण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा परिक्षेत्र कार्यालय जबलपुर किया गया है। वहीं अन्य जिलों के कई अधिकारियों को संभागीय और उपसंभागीय स्तर पर नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण नीति-2026 के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी होने के दो सप्ताह के भीतर कार्यमुक्त किया जाना अनिवार्य होगा। साथ ही स्थानांतरण के बाद पूर्व पदस्थापना स्थल से वेतन आहरण स्वतः बंद हो जाएगा और नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही वेतन संबंधी प्रक्रिया संचालित होगी।

विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि कार्यमुक्ति और नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के बीच किसी भी प्रकार का अवकाश सामान्य प्रशासन विभाग की अनुमति के बिना स्वीकृत नहीं किया जाएगा। यह आदेश उप सचिव हृदयेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। प्रदेश में चल रहे स्थानांतरण अभियान के बीच पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का यह आदेश ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के बेहतर संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *