— 17 जून को डिंडौरी में महाराणा प्रताप जयंती पर निकलेगी दो विशाल रैलियां, महावीर टोला में होगा मुख्य आयोजन
डिंडौरी। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर 17 जून को राजपूत समाज जिला डिंडौरी द्वारा विशाल रैली एवं भव्य सभा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है और समाज के लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दो अलग-अलग मार्गों से विशाल रैलियां निकाली जाएंगी। प्रथम रैली समनापुर, देवलपुर, नानडिंडोरी, छांटा और किवंटी होते हुए डिंडौरी पहुंचेगी। यहां वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात रैली घानाघाट, सरहरी और महावीर मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, महावीर टोला, बिछिया स्थित मुख्य सभा स्थल पहुंचेगी।
वहीं दूसरी रैली मानिकपुर, चांद रानी, भाजीटोला, कंचनपुर, बुडरूखी, कुकरामठ और कुंडा से होते हुए महावीर पहुंचेगी तथा मुख्य कार्यक्रम में शामिल होगी। दोनों रैलियों में समाज के युवा, वरिष्ठजन, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेंगे और महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग एवं स्वाभिमान का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
राजपूत समाज के जिला अध्यक्ष कृष्णा सिंह परमार ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती केवल एक उत्सव नहीं बल्कि नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और आत्मसम्मान की प्रेरणा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन मातृभूमि के प्रति समर्पण, संघर्ष और स्वाभिमान का अद्वितीय उदाहरण है, जिसे समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। आयोजकों ने जिलेभर के समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर महाराणा प्रताप के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।
