— बच्चों के साथ बैठकर अधिकारियों ने खाया मिड डे मील, कई स्कूलों का किया निरीक्षण
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में कक्षा 3, 4 तथा 6-7 की स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल, सहायक परियोजना समन्वयक (अकादमिक) अमित गौलिया एवं शैलेष कुमार जैन द्वारा विभिन्न विद्यालयों का संयुक्त निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान एकीकृत माध्यमिक शाला सागरटोला में स्थानीय वार्षिक परीक्षा का संचालन संतोषजनक नहीं पाया गया तथा विद्यालय में अव्यवस्था देखी गई। इस पर जिला परियोजना समन्वयक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रधान पाठक को सात दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बालक प्राथमिक शाला गाड़ासरई के निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, लेकिन दर्ज संख्या की तुलना में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिली। इस पर प्रभारी प्रधानपाठक को पालकों से संपर्क कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन संचालित करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड करंजिया के अंतर्गत प्राथमिक शाला चंदना और प्राथमिक शाला रहटापकरी में निर्माणाधीन नवीन बालिका शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण एजेंसी और उपयंत्री को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा एकीकृत माध्यमिक शाला बिलाईखार (बजाग) में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जहां जिला परियोजना समन्वयक ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी ग्रहण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन केंद्र मॉडल हायर सेकेंडरी शाला बजाग का भी निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को दो दिवस के भीतर मूल्यांकन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।




