Education Update : डिंडौरी में 17,279 परीक्षार्थियों की बोर्ड परीक्षा, 78 केन्द्रों पर सख्ती, 7 अतिसंवेदनशील….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी। माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बता दें कि इसी क्रम में शुक्रवार 31 जनवरी को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, कलेक्टर प्रतिनिधि सहित जिले के समस्त प्राचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग राजेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते तथा डीपीसी श्वेता अग्रवाल भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था एवं फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए तनावमुक्त वातावरण बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बेहतर परीक्षा तैयारी हेतु अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर ही संबंधित थाना/चौकी से प्राप्त किए जाएं। प्रश्नपत्रों की निकासी की कार्यवाही केन्द्राध्यक्ष या सहायक केन्द्राध्यक्ष द्वारा थाना प्रभारी एवं कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रश्नपत्र परीक्षा तिथि एवं विषयवार टाइम टेबल के अनुसार ही निकाले जाएं।

परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं अन्य कर्मचारियों के लिए मोबाइल फोन लाना और उपयोग करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व से लेकर परीक्षा समाप्ति तक केन्द्र से 100 गज की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश और अवांछनीय गतिविधियों पर रोक रहेगी। विद्यार्थियों की तलाशी शालीनता से लेने तथा छात्राओं की तलाशी केवल शिक्षिकाओं द्वारा किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराने, गोपनीय सामग्री को मण्डल के निर्देशानुसार सुरक्षित रखने तथा संबंधित चौकी/थाने में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों से यह प्रमाण पत्र लेने को कहा गया कि उनके परिजन संबंधित परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहे हैं। वहीं प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

परीक्षार्थियों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं में 9192 नियमित एवं 594 स्वाध्यायी सहित कुल 9786 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। वहीं कक्षा 12वीं में 6389 नियमित एवं 1104 स्वाध्यायी सहित कुल 7493 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 17,279 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

जिले में कुल 78 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7 केन्द्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। कक्षा 10वीं के लिए 78 एवं कक्षा 12वीं के लिए 65 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं बैठक के अंत में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने की अपील की।

सोर्स:— जनसंपर्क विभाग डिंडौरी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *