मध्यप्रदेश के देवास जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी देवास द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
बता दें कि इस आदेश के तहत सांदीपनि विद्यालय से 2 किलोमीटर की परिधि में स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का प्रवेश अब सांदीपनि विद्यालय में कराया जाएगा और इन विद्यालयों को सांदीपनि विद्यालय में शिफ्ट किया जाएगा।
गौरतलब यह है कि यह निर्देश संचालक लोक शिक्षण मध्यप्रदेश भोपाल के पत्र के आधार पर जारी किए गए हैं। जिले में सांदीपनि विद्यालय तौड़ का भवन पूर्ण होकर कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सन्नौड के निकटस्थ कई विद्यालयों को वहां स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार ईपीईएस माध्यमिक विद्यालय टिनोनिया, प्राथमिक विद्यालय रूपेटा, प्राथमिक विद्यालय महूडिया, ईपीईएस माध्यमिक विद्यालय नारियाखेडा, ईपीईएस माध्यमिक विद्यालय पटाडा, ईपीईएस माध्यमिक विद्यालय सुनवानी कराड़ तथा ईपीईएस माध्यमिक विद्यालय दखनाखेडी को सांदीपनि विद्यालय उ.मा.वि. सन्नौड में शिफ्ट किया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उक्त विद्यालयों के विद्यार्थियों के सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश लेने तक वहां पदस्थ समस्त शिक्षक आगामी आदेश तक सांदीपनि विद्यालय में ही अध्यापन कार्य कराएंगे। इस निर्णय से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, संसाधनयुक्त भवन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम माना जा रहा है।
सोर्स:— संचालक लोक शिक्षण विभाग मध्यप्रदेश।
