Education Review Meeting : शिक्षा सुधार को लेकर कलेक्टर सख्त, अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिला कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में जनपद शिक्षा केन्द्र करंजिया अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बीएसी, बीआरसी और संकुल प्राचार्यों को सख्त निर्देश दिए कि विद्यालयों में शिक्षा स्तर को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान छात्रों का शैक्षणिक स्तर कमजोर पाया गया है, इसलिए अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करते हुए शिक्षण की गुणवत्ता सुधारी जाए, जिससे बच्चों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद भी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण और गणवेश प्राप्ति के लिए छात्र-छात्राओं के खातों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचे और कार्य में तेजी लाई जाए।

उन्होंने जनशिक्षकों और शिक्षकों को नियमित और पूर्ण समय पर विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने के लिए प्रतिदिन गूगल शीट पर उपस्थिति अपडेट करने को कहा।

कलेक्टर ने संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया कि यदि उनके अधीन कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है या कार्य में लापरवाही करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्यवाही करें। बैठक में नामांकन की स्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यालय छोड़ चुके बच्चों के पुनर्वास और शिक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *