भोपाल। सत्र 2025-26 में ऑनलाइन ज्वाइन अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने समस्त विकासखंडों के आहरण-संवितरण अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर अतिथि शिक्षकों का मानदेय प्रत्येक माह की 10 तारीख तक अनिवार्य रूप से जनरेट कर भुगतान किया जाना है। अपर संचालक लोक शिक्षण द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि संचालनालय के आवंटन आदेश क्रमांक 359-360 दिनांक 05 जनवरी 2026 के तहत अतिथि शिक्षकों के मानदेय हेतु आवश्यक बजट जारी किया जा चुका है।

इसके तहत सत्र 2025-26 में ऑनलाइन ज्वाइन सभी अतिथि शिक्षकों का माह दिसंबर 2025 तक का मानदेय ई-अटेंडेंस के आधार पर जनरेट किया जाएगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि समस्त संबंधित अधिकारी 10 जनवरी 2026 तक मानदेय भुगतान की कार्यवाही पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे अतिथि शिक्षकों को समय पर उनका पारिश्रमिक प्राप्त हो सके। लोक शिक्षण संचालनालय ने निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा है।
