— कलेक्ट्रेट तिराहा से अवंती बाई चौक तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, दर्शनार्थियों के लिए दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
डिंडौरी। दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए डिंडौरी यातायात पुलिस ने 20 अक्टूबर 2026 के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत मंगलवार शाम 6 बजे से कलेक्ट्रेट तिराहा से अवंती बाई चौक तक दोपहिया, तीनपहिया, चारपहिया वाहनों सहित बसों और सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।
पुलिस के अनुसार, दशहरा पर्व पर पिछले वर्षों की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पार्किंग तथा रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने दर्शन के लिए आने वाले लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर पैदल शहर में प्रवेश करने की अपील की है।
दो स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। पुरानी डिंडौरी की ओर से आने वाले दर्शनार्थी अपने दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहन कलेक्ट्रेट परिसर के खेल मैदान में पार्क कर सकेंगे। वहीं, जबलपुर रोड और मुड़की रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग जबलपुर बस स्टैंड, अवंती बाई चौक पर निर्धारित की गई है। दोनों स्थानों से श्रद्धालुओं को पैदल ही शहर में प्रवेश करना होगा।
इन मार्गों से होगा वाहनों का आवागमन
साकेत नगर, हंसनगर, देवरा और मुड़की की ओर से पुरानी डिंडौरी आने-जाने वाले वाहन नर्मदा पुल, डेम घाट, शांतिनगर, कोर्ट तिराहा और कलेक्ट्रेट तिराहा होते हुए पुरानी डिंडौरी मार्ग का उपयोग करेंगे।
इसी तरह सुबखार, इमलीकुटी और शंकर घाट की ओर से पुरानी डिंडौरी जाने-आने वाले वाहनों को शंकर घाट, डेम घाट, शांतिनगर, कोर्ट तिराहा और कलेक्ट्रेट तिराहा वाले मार्ग से आवागमन करना होगा।
सिविल लाइन और कस्तूरबा कन्या शाला की ओर से पुरानी डिंडौरी जाने-आने वाले वाहनों के लिए राजूषा स्कूल और मंडला स्टैंड से होकर जाने वाला मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित मुख्य मार्ग में वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
आमजन से सहयोग की अपील
डिंडौरी पुलिस ने आम नागरिकों और दशहरा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से यातायात एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था दशहरा पर्व के दिन भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने का आग्रह किया गया है।

