Dindori Top 5 District : आधार बायोमेट्रिक अपडेट अभियान में डिंडौरी का जलवा, प्रदेश के टॉप-5 जिलों में बनाई जगह…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

जुलाई 2026 में 19.1% उपलब्धि के साथ राज्य औसत से दोगुना प्रदर्शन, UIDAI ने कलेक्टर व जिला टीम को भेजा प्रशंसा-पत्र

 

 

डिंडौरी। जिले ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा संचालित “विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जुलाई 2026 में संचालित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update-MBU) अभियान के तहत जिले ने 19.1 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर मध्यप्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में स्थान प्राप्त किया है।

 

इस उपलब्धि पर UIDAI मध्यप्रदेश के निदेशक सुमित मिश्रा ने जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को प्रशंसा-पत्र भेजकर जिले की पूरी टीम, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DEGS) के समर्पित प्रयासों की सराहना की है। प्रशंसा-पत्र में विश्वास जताया गया है कि डिंडौरी भविष्य में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को कायम रखेगा। जुलाई 2026 के दौरान जिले में 21,640 लंबित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट में से 4,124 विद्यार्थियों का सफलतापूर्वक बायोमेट्रिक अपडेट किया गया। यह 19.1 प्रतिशत उपलब्धि राज्य के औसत 9.2 प्रतिशत से दोगुने से भी अधिक है, जिससे डिंडौरी प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हो गया।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस सफलता का श्रेय जिले के सभी विकासखंडों के शिक्षा विभाग, DEGS, संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, ऑपरेटरों तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना शासन की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। जिला प्रशासन ने अभियान को और अधिक गति देने के निर्देश देते हुए सभी संबंधित विभागों और मैदानी अमले से शेष पात्र विद्यार्थियों का समयबद्ध बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे डिंडौरी अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत बनाए रख सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *