Dindori News : आकांक्षी विकासखंड बजाग के 38 इंडिकेटरों की समीक्षा, अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस के निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। आकांक्षी विकासखंड बजाग के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद पंचायत बजाग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अक्षय डिगरसे ने की। बैठक में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत निर्धारित 38 प्रमुख इंडिकेटरों की विभागवार समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों को प्रत्येक माह अपने सेक्टर की सभी आंगनबाड़ियों का नियमित निरीक्षण करने तथा पोषण ट्रैकर में पेयजल, शौचालय, बिजली और पोषण आहार से संबंधित जानकारी समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

 

शिक्षा विभाग को सीडब्ल्यूएसएन प्रशिक्षित शिक्षकों का प्रशिक्षण शीघ्र पूरा कराने, कक्षा 8वीं से 9वीं में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, अनुपस्थित विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पशुपालन विभाग को एफएमडी टीकाकरण अभियान में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एनसीडी एवं एमसीटीएस पंजीयन में तेजी लाने, नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए गए।

 

समीक्षा के दौरान कृषि, विद्युत, बीएसएनएल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर एसडीएम अक्षय डिगरसे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को अद्यतन जानकारी के साथ आगामी समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा गया। बैठक में जनपद पंचायत बजाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सचिन अग्रवाल, आकांक्षी ब्लॉक फेलो नीति आयोग डॉ. विकास जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

x

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *