Dindori Result 2026 : डिंडौरी ने रचा शिक्षा में इतिहास: 24 हजार से ज्यादा छात्र पास, प्रदेश में दूसरा-तीसरा स्थान….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

5वीं में तीसरा, 8वीं में दूसरा स्थान, प्रदेश में लहराया परचम

डिंडौरी। वर्ष 2025-26 की कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं में डिंडौरी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जोड़ी है।

 

कक्षा 5वीं के परिणामों में जिले के कुल 13,135 विद्यार्थियों में से 13,042 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जिससे 99.29 प्रतिशत परिणाम के साथ डिंडौरी ने पूरे प्रदेश में तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 8वीं में 11,640 विद्यार्थियों में से 11,493 उत्तीर्ण हुए और 98.74 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 

इस सफलता में जिले के विभिन्न विकासखण्डों की अहम भूमिका रही। कक्षा 5वीं में शाहपुरा विकासखण्ड ने प्रदेश में तीसरा और करंजिया ने चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। वहीं कक्षा 8वीं में डिंडौरी और समनापुर विकासखण्ड ने प्रदेश के टॉप-10 में स्थान बनाकर गौरव बढ़ाया।

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते, डीपीसी श्वेता अग्रवाल एवं अकादमिक परियोजना समन्वयक अमित गौलिया के नेतृत्व में शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। जिले के सभी विकासखण्ड स्रोत समन्वयकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी है।

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने इस शानदार प्रदर्शन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के संयुक्त प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। साथ ही आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन शिक्षा और विद्यार्थियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *