Dindori News : मनरेगा कार्यों पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन ! समयसीमा और गुणवत्ता पर सख्त निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जिले में संचालित मनरेगा कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मेंहदवानी विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मजदूरों की स्थिति का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

 

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ग्राम पंचायत कूडाझिर पहुंचीं, जहां उन्होंने हितग्राही शीताराम धुर्वे के लगभग 2.30 लाख रुपये की लागत से बन रहे कुएं का निरीक्षण किया। उन्होंने जीआरएस और सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य को हर हाल में अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि इस कुएं से किसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी मिलेगा और इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।

 

 

इसके बाद कलेक्टर ग्राम पंचायत भलवारा पहुंचीं, जहां मंगलिया बाई परस्ते के 2.95 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन कूप का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मजदूरों से सीधे बातचीत कर मजदूरी और कार्य की जानकारी ली। इसी दौरान कुशुमकली परस्ते नामक महिला अपने दो छोटे बच्चों (7 माह और 3 वर्ष) के साथ काम करती हुई मिलीं। कलेक्टर ने महिला की स्थिति को समझते हुए संबंधित सचिव को निर्देश दिए कि महिला को ऐसा कार्य दिया जाए जिससे बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उसका विशेष ध्यान रखा जाए।

 

 

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सेहराझील एवं पायली में लगभग 24 लाख रुपये की लागत से बन रहे नवीन तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पहले तालाब निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो, ताकि वर्षा ऋतु में पर्याप्त जल संचयन हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब बनने से न केवल पशु-पक्षियों को पानी मिलेगा बल्कि कृषि उत्पादन बढ़ेगा और मछली पालन से रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

 

 

कलेक्टर ने जनपद सीईओ को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल गंगा संवर्धन सहित सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, जनपद पंचायत मेंहदवानी के सीईओ प्रदीप ओझा, तहसीलदार, पंचायत निरीक्षक, सहायक परियोजना अधिकारी अशोक कुडापे, सब इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *