मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के थाना गाडासरई पुलिस ने रविवार की मध्यरात्रि में अवैध शराब का परिवहन करते दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लगभग 52 हजार रुपये कीमत की 62 लीटर अंग्रेजी शराब और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्रीमति वाहनी सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को पहले ही सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी के पालन में गाडासरई पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री सतीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर दमहेड़ी की ओर से एक सफेद वैन (क्रमांक MP52TA0601) में अवैध शराब गोरखपुर की ओर ले जाई जा रही थी। गाडासरई पुलिस ने गोरखपुर के आगे नाकाबंदी की। वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर 62 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में चालक सुरेन्द्र साहू निवासी माधोपुर ने बताया कि वह शराब शिवम दूबे निवासी गोरखपुर के कहने पर विक्रय हेतु लेकर आ रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय डिंडौरी में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया। गाडासरई पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 294/2025 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरवर सिंह उइके, उपनिरीक्षक ध्रुव कुमार सिंह, प्रआर सत्यनारायण पटेल, प्रआर पंकज सिंह, आर आशीष लांजेवार, आर धनंजय पारधी, आर विकास, आर संदीप, प्रआर सिद्धू सिंह और गवाह बुधराम मौलिया एवं सुभाष मरावी की सक्रिय भूमिका रही।





