— संयुक्त मोर्चा का आह्वान, ज्ञापन सौंपने की तैयारी; बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
डिंडौरी । मध्यप्रदेश अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों पर प्रस्तावित TET परीक्षा के विरोध में ब्लॉक शाखा करंजिया द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संभागीय अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शिक्षकों के हितों को लेकर अब आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि शासकीय रंगमंच उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया परिसर में दोपहर 2 बजे से महासभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे भारत के प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षामंत्री एवं मध्यप्रदेश के शिक्षामंत्री के नाम नायब तहसीलदार करंजिया को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष जीवन मरावी सहित सुनील नामदेव, सुनील शुक्ला, विजय यादव, राजेश वालरे, फिरोजा बेगम, भारती मरावी, अनुबाला द्विवेदी, विनीता पाठक, रेवती गवले, उर्मिला मरावी, पंचवती, छाया, श्रवण धुर्वे और बलवीर धाकड़ सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक का समापन “शिक्षक एकता जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नौकरी बचाने और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी शिक्षकों को एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लेना होगा।
