— अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का ऐलान, करंजिया में रैली के बाद नायब तहसीलदार को सौंपा जाएगा ज्ञापन
डिंडौरी। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ब्लॉक शाखा करंजिया द्वारा शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर 11 अप्रैल 2026 को प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है। इस संबंध में नायब तहसीलदार करंजिया को सूचना पत्र सौंपा गया है।
जारी पत्र के अनुसार, माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा (TET) अनिवार्य किए जाने के निर्णय का विरोध किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि इस निर्णय से देशभर के लगभग 25 लाख शिक्षकों की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है।
इसी मुद्दे को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने केंद्र एवं राज्य सरकार से शिक्षकों के हित में निर्णय लेने की मांग की है। कार्यक्रम के तहत 11 अप्रैल को दोपहर 2 बजे करंजिया स्थित प्रधान कार्यालय के पास प्रस्तावित बस स्टैंड मैदान में शिक्षक एकत्रित होंगे, जहां से रैली निकाली जाएगी
रैली के पश्चात शाम 5 बजे नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति एवं आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की है। इस आंदोलन को लेकर शिक्षकों में व्यापक असंतोष देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में शिक्षकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
