मध्यप्रदेश के अनूपपुर में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अनूपपुर द्वारा एक निजी स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामला 500 रुपये के नोट की फोटो कॉपी पर स्कूल का विज्ञापन छापकर प्रचार-प्रसार करने से जुड़ा है, जिसे प्रशासन ने गंभीर उल्लंघन माना है।
जारी नोटिस के अनुसार, स्कूल द्वारा 500 रुपये के नोट की फोटो कॉपी पर विद्यालय का नाम और पता छापकर उसे विज्ञापन के रूप में वितरित किया गया। इस नोट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर भी अंकित है, ऐसे में इस प्रकार का उपयोग राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान की श्रेणी में माना जा सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के निजी विज्ञापन के लिए भारतीय मुद्रा का उपयोग करना गंभीर अपराध है। इस मामले को लेकर कलेक्टर अनूपपुर को भी शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद DEO ने कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूल को नोटिस जारी किया।
नोटिस में स्कूल प्रबंधन से पूछा गया है कि उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि वे 15 अप्रैल 2026 तक स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षा संस्थानों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई है और प्रशासन अब ऐसे मामलों पर सख्त नजर बनाए हुए है। देखें विभाग द्वारा जारी नोटिस..

