डिंडौरी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग ने तहसील कार्यालय बजाग में पटवारियों की एजेण्डा अनुसार समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, पीएम किसान ई-केवाईसी, एनपीसीआई, आरओआर, फार्मर रजिस्ट्री, भू-राजस्व वसूली, गिरदावरी और भावांतर योजना सहित फसल कटाई प्रयोग संबंधी कार्यों की पटवारीवार समीक्षा की गई।
एसडीएम बजाग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी सीएम हेल्पलाइन शिकायत बिना निराकरण दर्ज किए उच्च स्तर पर जाने पर संबंधित पटवारी के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। सभी पटवारियों को शिकायतों की जांच कर तथ्यपरक निराकरण पोर्टल पर दर्ज करने, राजस्व प्रकरण से संबंधित मामलों में प्रकरण क्रमांक, आदेश दिनांक और न्यायालयीन प्रकरण होने पर न्यायालय का क्रमांक अवश्य उल्लेख करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जाए, चाहे वे पीएम किसान योजना के हितग्राही हों या नहीं। इसके साथ ही भू-राजस्व वसूली 100% पूर्ण करने और विशेषकर कृषि भू-राजस्व की राशि तत्काल जमा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित पटवारियों को विभिन्न योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अद्यतन करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।




