Dindori News : कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया ने कारोपानी में किया व्यापक निरीक्षण, विकास कार्यों और सेवाओं के लिए दिए आवश्यक निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया ने आज शनिवार को विकासखंड बजाग के ग्राम कारोपानी में विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण में गौशाला, प्राथमिक शाला बांसाटोला, शासकीय उचित मूल्य दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र, चल चरखा महिला प्रशिक्षण केंद्र, प्रतिभाशाली विद्योदय ज्ञानदीप, सीएम राइज सांदीपनि स्कूल सुकुलपुरा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ासरई शामिल रहे।

कलेक्टर ने मां अंबे स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित गौशाला बांसा टोला का अवलोकन किया। गौशाला की स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष ने बताया कि 103 गायें दर्ज हैं, जिनमें से 95 गायें उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग के ब्लॉक समन्वय, रोजगार सहायक और ग्राम पंचायत सचिव को गायों के लिए चारा उपलब्ध कराने और साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यक व्यवस्था नहीं हुई तो वह 15 दिन के अंदर पुनः निरीक्षण करेंगी।

प्राथमिक शाला बांसाटोला में उपस्थित छात्र-छात्राओं से किताब पढ़वाकर और गणित के प्रश्न पूछकर शिक्षा स्तर का जायजा लिया। शाला प्रभारी को शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बच्चों की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था, शौचालय और गणवेश वितरण का निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई राशन कार्ड, आधार कार्ड, गैस कनेक्शन और वृद्धा पेंशन जैसी समस्याओं का समाधान करने के लिए कलेक्टर ने एसडीएम को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

गांव के किसानों ने हिरणों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की समस्या बताई। कलेक्टर ने वन वनमंडल अधिकारी के साथ समन्वय कर इसका समाधान करने का आश्वासन दिया। शासकीय उचित मूल्य दुकान और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर, पोषण ट्रैकर और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की। आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित 8 बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने और केंद्र की पुताई-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चल चरखा महिला प्रशिक्षण केंद्र में कलेक्टर ने महिलाओं द्वारा रोजगार और प्रशिक्षण के माध्यम से जीवन यापन में योगदान की सराहना की। प्रतिभाशाली विद्योदय ज्ञानदीप में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से संवाद कर उनके अध्ययन और प्रशिक्षण पर संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। सीएम राइज सांदीपनि स्कूल सुकुलपुरा का निरीक्षण करते हुए कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को जिले की प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने पर 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ासरई में प्रसव कक्ष, वार्ड, टीकाकरण, आयुष, दवा स्टोर और दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्टोर में दवाओं की अंतिम तिथि देखी और मरीजों से संवाद कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेंद्र कुमार जाटव, महिला बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *