Dindori News : शहपुरा से डिंडौरी तक NH-45 बदहाल, विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने उठाया सवाल—आखिर कब सुधरेगी सड़क..?

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

डिंडौरी। शहपुरा से डिंडौरी तक जबलपुर–अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग NH-45 की जर्जर हालत को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। डिंडौरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है।

 

विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में वीडियो शेयर करते हुए कहा कि शहपुरा के पास से डिंडौरी तक NH-45 की स्थिति पिछले करीब डेढ़ साल से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जर्जर हिस्से होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होने की बात भी सामने आ रही है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जिम्मेदार विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर क्यों नहीं है? जब इसी मार्ग से मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं, तब भी सड़क की बदहाल स्थिति पर ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

 

विधायक मरकाम ने मांग की है कि शहपुरा से डिंडौरी तक NH-45 का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, सड़क के गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत की जाए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

 

उन्होंने कहा कि सड़क जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए होती है, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत लोगों की जान के लिए जोखिम बनती जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागेंगे? क्या सड़क की मरम्मत के लिए किसी और बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *