भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा पूर्व में जारी पदोन्नति आदेश को निरस्त करते हुए 83 अधिकारियों की संशोधित पदोन्नति सूची जारी की गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेश के अनुसार, पूर्व में 20 जुलाई 2026 को जारी पदोन्नति आदेश में कुछ अधिकारियों के संबंध में त्रुटियां एवं विसंगतियां सामने आने के बाद मामले पर पुनर्विचार किया गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने पूर्व पदोन्नति आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर नई सूची जारी कर दी।
नई पदोन्नति सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ कुल 83 सहायक उप निरीक्षक/कार्यवाहक उप निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। इनमें डिंडौरी, जबलपुर, छतरपुर, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सीधी, धार, मंदसौर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, सतना, रीवा, खंडवा, सिंगरौली, देवास, टीकमगढ़, बालाघाट सहित अन्य जिलों में पदस्थ अधिकारी शामिल हैं।
पुराने आदेश के बाद नई सूची जारी
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पदोन्नति आदेश के परिपालन में सामने आई विसंगतियों के कारण संबंधित अधिकारियों के पदोन्नति मामलों की दोबारा समीक्षा की गई। इसके बाद सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने पर संशोधित पदोन्नति आदेश जारी किया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो लोक सेवक वर्तमान में कार्यवाहक पद पर कार्य कर रहे थे, लेकिन पदोन्नत नहीं हो सके हैं, वे आगामी आदेश तक पूर्व की तरह कार्यवाहक पद पर ही काम करते रहेंगे।



