डिंडौरी। जनपद पंचायत करंजिया के सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, सीईओ जनपद करंजिया अक्षय डिगरसे, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ाने के लिए कुक्कुट पालन और पशुपालन योजनाओं में अधिक लोगों को जोड़ा जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग को पीएम मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व शिशु योजना, बाल आशीर्वाद योजना और पोषण पुनर्वास केंद्र योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
कलेक्टर ने आरईएस विभाग द्वारा पीएम आवास योजना की उपयंत्रीवार प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही NRLM और सीईओ जनपद करंजिया को विकासखंड स्तर पर विशाल स्वरोजगार मेला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं—धरती आबा जनमन योजना, परख अटेंडेंस और साइकिल वितरण योजना—की समीक्षा की गई और बच्चों को समय पर साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसानों की सुविधा के लिए खाद्य विभाग को विकासखंड करंजिया में धान उपार्जन केंद्र करंजिया और परसेल ग्राम में शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही बीईओ एवं बीआरसी को शीघ्र सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन दस्तावेज़ समय पर तैयार रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पीएचई, ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास, राजस्व, शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहित सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।





