Dindori News : डिंडौरी में 3828 विद्यार्थियों ने दी NMMS परीक्षा, कलेक्टर ने कहा — पारदर्शिता सर्वोपरि

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट परीक्षा (NMMS) 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा का संचालन जिला शिक्षा विभाग द्वारा विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय स्तर पर किया गया, जिसमें कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को शामिल होने का अवसर मिला।

जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहाँ 4176 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 3828 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 348 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं।।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने परीक्षा के दौरान उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय प्रभारी और स्टाफ को निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्ण अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस परीक्षा में सफल विद्यार्थी को कक्षा 12वीं तक प्रति माह 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति शासन द्वारा प्रदान की जाएगी, बशर्ते वह आगामी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होता रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रयपुरा विद्यालय के नव-निर्मित भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, लैब, मीटिंग हॉल और कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण करते हुए विद्यालय प्राचार्य को परिसर की साफ-सफाई, फर्नीचर व्यवस्था और विद्युत प्रणाली सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का पुनः निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुमन परस्ते, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री एस.के. द्विवेदी, प्राचार्य रयपुरा श्री ए.के. जैन, शिक्षकगण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *