Dindori News : राजस्व विभाग में लापरवाही ! 6 राजस्व निरीक्षक मंडलों को नोटिस,वेतन रोकने की चेतावनी….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में राजस्व वसूली एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की कोर्टवार समीक्षा करते हुए नामांतरण, बटवारा, सीमांकन एवं अभिलेख दुरुस्ती से जुड़े मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर भदौरिया ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर जोर देते हुए प्रत्येक पटवारी को प्रतिदिन 50 फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवायसी एवं एनपीसीआई सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिले के लिए 4 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 2.18 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। शेष 1.81 करोड़ रुपये की वसूली फरवरी माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

कार्य प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर राजस्व निरीक्षक मंडल अमरपुर, डिंडौरी, करंजिया, बजाग, मेहदवानी एवं राई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। साथ ही चेतावनी दी कि आगामी माह में भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं तहसीलदारों के वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, समस्त तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, भू-अभिलेख अधिकारी श्री रेवा झारिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *