Dindori News : कलेक्टर ने जिले में योजनाओं और विकास कार्यों की पूरी समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित कर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर भदौरिया ने समय-सीमा प्रकरणों एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सीपी ग्राम एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत व प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की स्थिति, शासकीय एवं निजी स्कूलों में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, नगरीय क्षेत्रों में संचालित निर्माण कार्यों की स्वीकृति, आवंटन एवं प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में धान तथा कोदो-कुटकी उपार्जन की स्थिति, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं नरवाई प्रबंधन की कार्यवाही पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया, परख एप्लीकेशन के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन की सूची की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों के लिए भोजन, आवास, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में दुग्ध डेयरी, मुर्गी पालन, बकरी पालन जैसी आजीविका आधारित गतिविधियों, सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर भदौरिया ने अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त जिले की यातायात व्यवस्था एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *