— बलराम जयंती पर कृषि महोत्सव, जन्माष्टमी पर होंगे भव्य आयोजन
डिंडौरी। सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के तहत जिले में बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जनसहभागिता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, कृषि एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रमों के समन्वय, तैयारियों एवं सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी दिव्यांशु चौधरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
— 2 सितंबर को बलराम कृषि महोत्सव
बलराम जयंती 2 सितंबर को बलराम कृषि महोत्सव के रूप में मनाई जाएगी। इस दौरान पारंपरिक कृषि कलाओं की प्रस्तुति के साथ आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों एवं प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों के लिए कृषि संवाद का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं चर्चा होगी।
— 4 सितंबर को जिलेभर में जन्माष्टमी की धूम
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को जिलेभर में भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। विद्यालयों में मटकी एवं बांसुरी प्रतियोगिता, जीवंत झांकियां, श्रीकृष्ण प्रसंगों पर भाषण प्रतियोगिता तथा बाल स्वरूप प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
प्रमुख मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष श्रृंगार और स्वच्छता अभियान के साथ मटकी फोड़, बांसुरी वादन, भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक आरती जैसे कार्यक्रम होंगे। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर भक्तिमय एवं सांस्कृतिक वातावरण निर्मित किया जाएगा।
— बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर भी रहेगा जोर
29 अगस्त से 4 सितंबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक शालाओं में बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूर्ण कर जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



