MP News : 1.22 लाख मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25 हजार, 1 सितंबर को CM मोहन यादव करेंगे राशि का अंतरण….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

भोपाल। मध्यप्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर 2026 को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे।

 

304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक होंगे अंतरित

 

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को यह राशि प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे। इस हिसाब से प्रदेश के करीब 1.22 लाख विद्यार्थियों को कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का लाभ मिलेगा।

 

मेधावी विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल

 

प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है। लैपटॉप मिलने से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग सहित विभिन्न तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।

सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के मेधावी विद्यार्थियों को भी तकनीक आधारित शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

 

प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत अंक जरूरी

 

प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए निर्धारित प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *