डिंडौरी। ग्राम सेनगुड़ा, जनपद पंचायत करंजिया में बाढ़ के कारण पुलिया बह जाने के मामले में प्रशासन ने जांच के निर्देश जारी किए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग को जारी आदेश में पुलिया की वर्तमान स्थिति के साथ उसके निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
आदेश के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर ग्राम सेनगुड़ा में बाढ़ के कारण पुलिया बहने की सूचना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिया की वास्तविक स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और बाढ़ से हुई क्षति का तकनीकी परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया है।
— तीन अधिकारियों की समिति गठित
जांच के लिए गठित समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत करंजिया, सहायक यंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (मनरेगा), बजाग तथा सहायक विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, बजाग को शामिल किया गया है।
समिति को पुलिया का मौके पर भौतिक निरीक्षण करने के साथ निर्माण कार्य का तकनीकी प्राक्कलन, निर्माण की स्थिति और गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बाढ़ से पुलिया को हुई क्षति का भी विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।
— सात दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने जांच समिति को निर्देशित किया है कि मौके पर जांच कर विस्तृत एवं तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराया जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिया के निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी कमी, गुणवत्ता संबंधी खामी या अन्य अनियमितता सामने आती है तो आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होगा। गौरतलब है कि जिले में लगातार बारिश के दौरान कई पुल-पुलियों पर बाढ़ का पानी आने और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी है।



